समाजवादी सफ़र रुकने वाला नहीं —डा. आशुतोष

ashutosh-bhushan-gajraula
सपा के नगर अध्यक्ष डा. आशुतोष भूषण शर्मा ने कहा है कि सपा शासन में प्रदेश चहुंमुखी विकास की डगर पर है। किसान, मजदूर, व्यवसायी, अल्पसंख्यक तथा सेवा क्षेत्र के लोग सरकार से संतुष्ट दिखाई दे रहे हैं। सपा शासन में धर्मनिरपेक्ष ताकतें मजबूत हुई हैं तथा साम्प्रदायिक ताकतों को काबू में किया गया है।

डा. शर्मा अपने क्लीनिक पर टाइम्स से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि हमारा देश बहुधर्मी, बहुभाषी तथा विविध परंपराओं का देश है। इसी के साथ हमारा संविधान भी सभी वर्गों को समान अधिकार देता है। ऐसे में यहां सभी लोग प्रेम और सौहार्द से निवास करते हैं। सपा हमेशा ही आपसी, प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की पक्षधर है। जबकि कुछ लोग ऐसा नहीं चाहते। वे केवल किसी एक वैचारिक व्यवस्था के पोषक और हिमायती हैं। जबकि इस प्रकार की विचारधारा को यहां स्वीकार नहीं किया जा सकता।

सपा नेता ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के शासन में राज्य की कानून व्यवस्था तथा प्रगति को बेहतर बताया तथा कहा कि सभी वर्गों के लोगों का ध्यान रखा जा रहा है।

शहर से लेकर देहात तक विकास की गंगा बह रही है। किसानों, मजदूरों और गरीब तबके के लोगों के लिए अनेक योजनायें चल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनावों में भी राज्य में सपा ही विजयी होगी। समाजवाद का सफर रुकने वाला नहीं।   

-टाइम्स न्यूज़ गजरौला.