कमल की मुस्कान और बढ़ेगी —औलख

surendra aulakh gajraula
भाजपा के नगर इकाई प्रमुख तथा युवा जाट नेता सुरेन्द्र सिंह औलख का कहना है कि भाजपा सरकार की नीतियों से देश की प्रगति का मार्ग प्रशस्त हुआ है, महंगायी पर काबू पाया गया है तथा भ्रष्टाचार पर चाबुक चलना शुरु हो गया है। अल्प समय में ही केन्द्र की भाजपा सरकार ने बहुत कुछ किया है।

औलख अपनी डेयरी पर हमारे प्रतिनिधि से वार्ता के दौरान भाजपा सरकार की कार्यशैली से संतुष्ट दिखाई दे रहे थे। उन्होंने कहा कि बिगड़े हालात को सुधारने में थोड़ा वक्त लगेगा। राज्य में किसानों तथा मजदूरों की बदहाली और साम्प्रदायिक तनाव के सवाल पर उन्होंने केन्द्र सरकार को क्लीन चिट देते हुए सपा सरकार को कटघरे में खड़ा किया तथा कहा कि यह सब राज्य सरकार का मामला है। केन्द्र किसानों, मजदूरों तथा सभी तबकों के हित में काम कर रहा है जबकि राज्य सरकार इस पर ध्यान नहीं दे रही। खाद की किल्लत, गन्ना मूल्य भुगतान तथा कानून व्यवस्था राज्य सरकार का विषय है। उसे अपने दायित्व का पालन करना चाहिए।

एक सवाल के जबाव में युवा भाजपा नेता ने कहा कि लोग भारी संख्या में पार्टी की सदस्यता लेने को आगे आये हैं। इसी से पता चलता है कि राज्य में भाजपा की लहर है तथा लोग दूसरे दलों को किनारे करने का मन बना चुके हैं। सपा, बसपा या कांग्रेस सहित सभी दल यहां जनमत खो चुके। विधानसभा चुनाव में कमल की मुस्कान और भी बढ़ेगी।   

-टाइम्स न्यूज़ गजरौला.