ठंड से अमरोहा जिले में पिछले एक सप्ताह में कई लोगों की मौत हो चुकी है। शनिवार को ठंड से दो लोग मर गये। ठंड का कहर जारी है।
अमरोहा के मोहल्ला बगला का 50 वर्षीय अकरम रिक्शा लेकर बड़ा बाजार में निकला तो रास्ते में गिर पड़ा। सड़क पर गिरने के कारण आसपास भीड़ जमा हो गयी। वह तड़प रहा था। लोगों ने सोचा कि मिर्गी का दौरा पड़ा है। लोग माजरा समझ पाते, इतने में उसने तड़पकर दम तोड़ दिया। कहा जा रहा है कि वह ठंड से मरा है।
वहीं मझोला खुर्द गांव में 55 वर्षीय भूप सिंह अपने पशुओं को चारा डाल रहा था। तभी उसकी तबीयत बिगड़ गयी। उसने चिकित्सक से दवाई ली। कुछ घंटे बाद उसकी मौत हो गयी। भूप सिंह को मौत भी ठंड लगने से बतायी जा रही है।
चिकित्सकों का कहना है कि मौसम ने पिछले कुछ दिनों से करवट ली है। ठंड का पता नहीं चलता और वह अपना असर कर देती है। इसलिए खान-पान और ठंड से बचाव का प्रबंध करना बेहद जरुरी है।