तेंदुए का खौफ बरकरार है, ग्रामीण दहशत में जीने को मजबूर

tendua-in-amroha-district

अमरोहा जिले के कई इलाकों में तेंदुए का खौफ बना हुआ है। पिछले कुछ दिनों में दो बाइक सवारों पर हमला किया जा चुका है। उससे पहले भी लगभग रोज किसी न किसी को तेंदुआ दिखा है। खेतों पर काम कर रहे किसानों का कहना है कि उन्हें अपनी सुरक्षा का बंदोबस्त कर काम करना पड़ रहा है। उसपर भी खतरा बराबर बना रहता है कि कहीं आसपास छिपकर वह हमला न कर दे और वे उसके शिकार हो जायें।

वन विभाग के अधिकारी तेंदुए को पकड़ने के नई-नई तरकीबें लगा रहे हैं, लेकिन उनका हाथ खाली जा रहा है। वे अभी तक इस जानवर को पकड़ने में नाकाम रहे हैं। पिंजरा लगाया गया मगर तेंदुआ उसके आसपास भी नहीं फटका।

वन विभाग की टीम के पास कुशल कर्मचारी नहीं हैं क्योंकि वे तेंदुए की लोकेशन का पता ही नहीं लगा पाते। वह प्राणी पूरे इलाके में घूम रहा है। वह एक जगह ठहरेगा भी नहीं, मगर वन विभाग के अधिकारियों को लगता है कि वह उनका इंतजार करेगा। यही वजह है कि वह आजतक पकड़ से बाहर है।

नौगांवा सादात क्षेत्र में तेंदुए की दहशत सबसे अधिक है। वहां ग्रामीणों को रातें जागकर काटने को मजबूर होना पड़ रहा है। दिन में भी दलों में चलने को विवश हैं वहां के लोग।

-गजरौला टाइम्स डॉट कॉम अमरोहा.