समाजवादी पार्टी ने बिलारी और जंगीपुर सीट जीत ली हैं। दोनों सीटों पर विधानसभा का उपचुनाव हुआ था। भाजपा दोनों जगह दूसरे नंबर की पार्टी रही।
बिलारी विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी मो. फहीम ने भाजपा के सुरेश सैनी को 7093 वोट से पराजित किया। मो. फहीम को 90464 मत मिले जबकि उनके प्रतिद्वंदी सुरेश सैनी को 83371 वोट हासिल हुए। कांग्रेस के शिशुपाल जाटव को 3670 मत मिले।
उधर गाजीपुर की जंगीपुर सीट पर सपा की किस्मती देवी की किस्मत ने साथ दिया। उन्होंने भाजपा के रमेश सिंह उर्फ पप्पू सिंह को 22092 वोट से हराया। किस्मती देवी को 82316 मत मिले जबकि रमेश सिंह को 60224 वोट मिले।
बिलारी में एक बार को लग रहा था कि भाजपा के सुरेश सैनी जीतने वाले हैं। वे आगे चल रहे थे, लेकिन बाद में पासा पलट गया और समाजवादी पार्टी के मो. फहीम ने बाजी मार ली।
बिलारी सीट विधायक इरफान की दुघर्टना में मौत के कारण खाली हुई थी। इरफान के पुत्र मो. फहीम को सपा ने मैदान में उतारा था। जबकि जंगीपुर सीट पंचायतीराज मंत्री कैलाश यादव के निधन के बाद खाली थी। उनकी पत्नि किस्मती देवी को सपा ने चुनाव लड़ाया। बसपा ने इस उपचुनाव में दोनों सीट पर भाग नहीं लिया था।