भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने लखनऊ में समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी पर वार करते हुए कहा कि दोनों पार्टियों की मिलीभगत से उत्तर प्रदेश में अव्यवस्था फैली हुई है।
अमित शाह बोले कि सपा और बसपा के कारण उत्तर प्रदेश का विकास रुक रहा है। यदि दोनों में मिलीभगत न होती तो प्रदेश का विकास होता। सपा और बसपा बारी-बारी से प्रदेश की सत्ता पर काबिज रही हैं। उन्होंने भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। अमित शाह ने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी का जनाधार बढ़ रहा है। पार्टी विकास की बात कर रही है। आगामी विधानसभा चुनाव में सत्ता भाजपा के हाथ में होगी।
'भारतीय जनता पार्टी विकास की राह पर देश को लेकर जा रही है और भ्रष्टाचार मुक्त है.'
'नरेन्द्र मोदी देश में परिवर्तन लाये हैं.'
अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में अवैध कब्जों के खिलाफ संघर्ष कर रही है। हम उसके खिलाफ आंदोलन करेंगे। विज्ञापन देकर अवैध कब्जे की शिकायत मंगवायी जायेगी। अमित शाह का निशाना मथुरा कांड पर था जिसके लिए उन्होंने समाजवादी पार्टी की सरकार को दोषी ठहराया।
अमित शाह ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को मथुरा कांड के लिए जिम्मेदार बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार को पता था। यह सब उनकी शह पर हुआ। सरकार दो वर्ष तक कहां थी? सरकार ने दो साल तक कुछ नहीं किया।
यूपीए सरकार पर हमला करते हुए अमित शाह बोले कि सरकार ने भ्रष्टाचार किया। उसे उसकी सजा मिली। भारतीय जनता पार्टी विकास की राह पर देश को लेकर जा रही है और भ्रष्टाचार मुक्त है। नरेन्द्र मोदी देश में परिवर्तन लाये हैं। देश की अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ रही है। हम विकास की ओर उन्मुख हैं।
अमित शाह की इस प्रेस कान्फ्रेस के बाद सपा और बसपा खेमे में कुछ हलचल हुई है। हालांकि देखकर लगता है कि यह लड़ाई फिलहाल सपा और भाजपा में चल रही है। बसपा और कांग्रेस अभी इससे दूर है।