गजरौला पालिका में भ्रष्टाचार के खिलाफ रालोद गरजा

ramveer-singh-rld-sachin

नगर पालिका परिषद में व्याप्त भ्रष्टाचार तथा लूट-खसोट के खिलाफ रालोद मुखर है। स्थानीय इकाई द्वारी जारी अभियान की बागडोर जिलाध्यक्ष रामवीर सिंह के थामने से इस दिशा में जहां कार्यकर्ताओं में उत्साह है, वहीं कई सभासद भी पालिकाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी में जुट गये हैं। एक सभासद ने लिखित में हरपाल सिंह को आत्मदाह की धमकी भी दी है।

राष्ट्रीय लोकदल कार्यकर्ताओं के बीच आये रामवीर सिंह ने पालिका कार्यालय के सामने यहां व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ जमकर हमला बोला और पालिकाध्यक्ष से कार्यप्रणाली में सुधार की हिदायत दी।

रालोद नेता ने कहा कि पालिका में जनता मूलभूत समस्याओं से जूझ रही है और पालिकाध्यक्ष ठेकेदारों तथा कर्मचारियों को गोलबंद कर अवैध कमाई में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों, नालों, नालियों तथा तालाब के सौन्दर्यीयकरण के नाम पर कमीशनखोरी के चलते मानक विरुद्ध काम किया गया। सभी पुलियां निर्माण के बाद टूट गयीं। कारमेल स्कूल के सामने तथा चौपला पर लक्ष्मीनगर के सामने बनी पुलियां एक माह भी नहीं ठहर पायीं। बेहद घटिया सामग्री से बनी होने के कारण ऐसा हुआ।

जरुर पढ़ें : गजरौला के चेयरमेन हरपाल सिंह के उत्पीड़न से क्षुब्ध सभासद आत्मदाह को मजबूर, मुख्यमंत्री को पत्र लिख की घोषणा


ramveer-rld-sachin-chaudhary

एक अन्य वक्ता ने आरोप लगाया कि राशन कार्डों में भी घोर लापरवाही और अनियमितताओं का बोलबाला है। कई अपात्र लोगों के अवैध राशन कार्ड भी बनाये गये हैं। सफाई व्यवस्था पर भी कोई ध्यान नहीं है। कई स्थानों पर गंदगी का साम्राज्य है। जिलाध्यक्ष ने बताया वे कुछ समय प्रतीक्षा करेंगे। पालिकाध्यक्ष ने सुधार किया तो ठीक है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो इस बार व्यापक स्तर पर आंदोलन छेड़ा जायेगा।

सभासद दिले का आरोप, ट्रैक्टर का दुरुपयोग

पालिका सभासद अशोक चौधरी उर्फ दिले का आरोप है कि पालिकाध्यक्ष हरपाल सिंह ने मंडी धनौरा में बन रहे अपने आवास के लिए गजरौला से पालिका के ट्रैक्टर-ट्रॉली से निर्माण सामग्री ढुलवाई है। उनके मना करने पर उल्टे उन्हें ही खरी-खोटी सुनायी गयी तथा कहा कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पालिकाध्यक्ष का अधिकार है।

-गजरौला टाइम्स डॉट कॉम गजरौला.