भाजपा के पूर्व सांसद और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलॉजी के चेयरमैन चेतन चौहान पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने कुछ दिन पहले टिप्पणी की थी, उसे लेकर अमरोहा जिले में भाजपा कार्यकर्ता नाराज हो गये हैं। उन्होंने अरविन्द केजरीवाल का विरोध किया और उनके खिलाफ नारेबाजी भी की। उसके बाद उनके पुतले को आग के हवाले कर दिया।
अमरोहा के लकड़ा चौराहे पर केजरीवाल का विरोध करते हुए क्षत्रीय समाज के लोगों ने कहा कि चेतन चौहान भाजपा के प्रखर और निष्ठावान नेता हैं। उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी करना एक गिरी हुई मानसिकता का परिचायक है।
क्षत्रिय समाज के लोगों ने आगे कहा कि चेतन ईमानदार, जनता की सेवा करने वाले नेता हैं। भाजपा ने ऐसे नेताओं को सम्मान दिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री चेतन चौहान को नाहक बदनाम करने की साजिश रच रहे हैं।
समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि अपनी साख बचाने के लिए केजरीवाल लड़ाई लड़ रहे हैं। उनके बिना सिर-पैर के बयान उनकी सरकार पर ही सवाल खड़े करते रहते हैं।
इस दौरान पदम सिंह चौहान, फतेह सिंह चौहान, अमर सिंह चौहान, सतेन्द्र कुमार, सुभाष चन्द्र, जगरुप सिंह, राजेन्द्र सिंह चौहान आदि मौजूद रहे।