नौगांवा सादात तहसील को लेकर गतिरोध जारी है। हाल में विधायक अशफाक खां का पुतला फूंके जाने के बाद उनके समर्थक नाराज हैं। नौगांवा प्रकरण से अमरोहा जिले में समाजवादी पार्टी में ही दो फाड़ हो गये हैं। बात मुख्यमंत्री अखिलेश यादव तक पहुंच गयी है। जल्द इसका निदान हाइकमान स्तर से निकालने की कवायद शुरु हो गयी है।
"विधायक अशफाक खां ने इतनी कोशिशों के बाद नौगांवा तहसील बनाने के लिए काम किया"
जिला पंचायत सदस्य रवि यादव ने ग्राम प्रधान, बीडीसी सदस्य आदि को लेकर अपर जिलाधिकारी कार्यालय पर इकट्ठा हुए थे। उन्होंने सपा विधायक अशफाक खां का पुतला फूंकने की निंदा की। उन्होंने कहा कि विधायक अशफाक खां ने इतनी कोशिशों के बाद नौगांवा तहसील बनाने के लिए काम किया।
तहसील नूरपुर मार्ग पर बनवाये जाने का समर्थक किया गया। साथ ही कहा गया कि कुछ लोग भ्रम की स्थिति पैदा करने में जुटे हैं कि तहसील कस्बे में बने। वे अधिकारियों पर भी इस तरह का दबाव बना रहे हैं।
उधर नौगांवा प्रकरण को लेकर विधायक अशफाक खां और दर्जा राज्यमंत्री मनवीर चिकारा मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से इस मसले पर बात करने के लिए गये हैं। उसके बाद ही विवाद सुलझाया जा सकता है। वरना यह आने वाले चुनाव में सपा के लिए बड़ा खतरा पैदा कर सकता है।