जिला पंचायत सदस्य तथा युवा भाजपा नेता राजीव तरारा ने नवयुवकों का आहवान किया है कि विवेकानंद जैसे महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ें तथा अपना और अपने देश का नाम और मान बढ़ायें। राजीव क्षेत्र में भाजपा के प्रचार-प्रसार में चलाये जा रहे अभियान के तहत एक स्थान पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े नवयुवकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्वामी विवेकानंद का जीवन परिचय देते हुए स्पष्ट किया कि उन्होंने कठिन और संघर्षपूर्ण परिस्थितियों में भी अपने सिद्धांतों और परोपकार के कार्यों को जारी रखा। उन्होंने विदेशों में उस भारतीय संस्कृति का लोहा मनवाया, जिससे विदेशी लोग अनजान थे।
भाजपा नेता ने कहा कि वे घर-घर जाकर भाजपा और भारतीयता का प्रचार करें। जिससे लोग देश को प्रगति की राह पर ले जाने वाली भाजपा के विकास कार्यों से परिचित हों। उन्होंने दावे के साथ कहा कि इस बार सूबे में भारी बहुमत से भाजपा सरकार बनेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा गांव, गरीब और किसानों की बेहतरी के लिए शुरु की गयी योजनाओं का सिलसिलेवार उल्लेख किया तथा उत्तर प्रदेश के विकास के लिए केन्द्र की तरह यहां भी भाजपा की सरकार बनवाने का आहवान किया।
गौरतलब है कि तरारा तथा उनके पिता पूर्व विधायक तोताराम क्षेत्र में गांव-गांव जाकर भाजपा तथा उसकी जनहितैषी योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रचार कर रहे हैं।