नौगांवा सादात विधानसभा सीट से बसपा उम्मीदवार चौ. जयदेव सिंह ने कहा है कि उनकी सीट भारी बहुमत से बसपा के खाते में जायेगी। उन्होंने दावा किया कि राज्य की जनता सूबे की सपा व केन्द्र की भाजपा, दोनों ही सरकारों की नीतियों से दुखी है, उसके सामने अब बसपा ही एकमात्र पार्टी है, जिसपर भरोसा किया जा सकता है।
जयदेव सिंह अपने आवास पर टाइम्स से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था का बुरा हाल है। किसानों को गन्ने का भुगतान नहीं किया गया, जबकि चीनी के दाम दोगुना हो गये हैं। दोनों सरकारें मिल मालिकों का साथ दे रही हैं। जबकि भुगतान के लिए एक दूसरे को दोषी ठहरा रही हैं। किसान, मजदूर और व्यापारी सभी के सामने समस्यायें हैं।
कृषि क्षेत्र की घोर उपेक्षा के कारण ही कृषि विकास दर में इस बार सबसे अधिक गिरावट दर्ज की गयी है। गांव, किसान और मजदूर की भलाई के बजाय धनी उद्योगपतियों को धनवान बनाने में लगी हैं। बसपा नेता ने कहा कि भाजपा और सपा ने जनता को धोखा दिया है, इसलिए वह चुनाव में इसका बदला चुकाने को तैयार बैठी है।
पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने याद दिलाया कि बहनजी के शासन में हर बार गन्ना मूल्य बढ़ाया गया और चीनी दर सामान्य रही, जबकि भाजपा और सपा दोनों सरकारों ने गन्ना मूल्य बिल्कुल नहीं बढ़ाया। इसके विपरीत मिल वालों की चीनी की कीमत दोगुनी करने की छूट दे दी। किसानों और आम आदमी के साथ यह खुला अन्याय है।
-टाइम्स न्यूज़ अमरोहा.
Gajraula Times के ताज़ा अपडेट के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें या ट्विटर पर फोलो करें. आप हमें गूगल प्लस पर ज्वाइन कर सकते हैं ...