जिला पंचायत सदस्य सरिता सिंह और उनके पति चौ. भूपेन्द्र सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं। हाल में उन्होंने कई ग्राम प्रधानों के साथ बसपा छोड़ने की घोषणा की थी। इस दौरान मौजूद लोगों के सामने बोलते हुए चौ. भूपेन्द्र सिंह ने कहा था कि बसपा अपने मूल उद्देश्य से भटक गयी है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने सर्वजन समाज को एकजुट रखने का अपना मूल सिद्धांत त्याग दिया और नसीमुद्दीन तथा उनके परिवार के हाथ में नैया सौंप कर पार्टी डुबोने की तैयारी कर ली है। पिछड़ों और दलितों के बजाय सपा की तरह एक वर्ग विशेष को लुभाने का काम किया जा रहा है।

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि इस हालत में सामाजिक समरसता और न्याय की बात करने वाला कोई भी स्वाभिमानी व्यक्ति बसपा में नहीं रह सकता। उन्होंने अपने आवास पर आयोजित ग्राम प्रधानों की सभा में घोषणा की थी कि वे इस हालत में बसपा से नाता तोड़ रहे हैं और जल्दी ही सोच समझकर अगला कदम उठायेंगे। मौजूद ग्राम प्रधानों ने उनके कदम का समर्थन करते हुए बसपा को अलविदा कह दिया।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य चौ. वीरेन्द्र सिंह के बसपा छोड़ भाजपा में जाने के बाद सरिता सिंह और भूपेन्द्र सिंह के भी बसपा छोड़ने से यहां नये राजनीतिक समीकरण बनने लगे हैं। दोनों अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख मंजू चौधरी और उनके पति कामेन्द्र सिंह सपा छोड़कर इससे पूर्व भाजपा में जा ही चुके हैं। कई और बसपा नेता भी पार्टी छोड़ सकते हैं।
इन कारणों से जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के चुनावी समीकरण बहुत ही अनिश्चित दिखाई दे रहे हैं। नोटबंदी प्रकरण के प्रभाव भी दिखाई देने शुरु हो गये हैं। लोग आकलन करने में जुटे हैं कि इसका भाजपा के पक्ष या विपक्ष पर क्या असर होगा?
-टाइम्स न्यूज़ अमरोहा.
Gajraula Times के ताज़ा अपडेट के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें या ट्विटर पर फोलो करें. आप हमें गूगल प्लस पर ज्वाइन कर सकते हैं ...