दूसरे चरण के मतदान के दौरान यहां पुलिस द्वारा भाजपा सभासद और नगर अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह औलख तथा उनकी पत्नि के साथ की अभद्रता को लेकर भाजपा में रोष है। नगर अध्यक्ष तथा पार्टी कार्यकर्ता इसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में हैं जबकि पुलिस का कहना है कि कोई विवाद नहीं है।
उल्लेखनीय है कि 15 फरवरी को मतदान के दौरान सुरेन्द्र औलख शिव इंटर कालेज मतदान केन्द्र से कुछ दूर स्थित खादगूजर रोड पर पार्टी के ध्वज सहित बैठकर कार्यकर्ताओं को मतदान संबंधी जानकारी दे रहे थे। औलख के मुताबिक तभी वहां थानाध्यक्ष पीके सिंह पुलिस बल के साथ आ धमके तथा उनसे गाली-गलौच और अभद्र भाषा में झंडा हटाने को कहा। अभद्रता का विरोध करने पर उन्हें पुलिस थाने ले गयी, जब उनकी पत्नि ने महिला कार्यकर्ताओं के साथ विरोध किया तो उन्हें भी थाने ले गयी। पति-पत्नि ने थाने पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ता और उनके साथी थाने में एकत्र होने लगे। इसपर बैकफुट पर आयी पुलिस को बिना कोई कार्रवाई किये दोनों को रिहा करना पड़ा।
सुरेन्द्र औलख और उनके समर्थक पुलिस द्वारा बीच सड़क पर की गयी गाली-गलौच और अभद्रता से बेहद आहत हैं। उनका कहना है कि चुनाव बाद इस विषय को गंभीरता के साथ उठाया जायेगा। सम्मानित नागरिकों के साथ अभद्रता लोकतंत्र में स्वीकार्य नहीं है।
उधर पुलिस का कहना है कि आदर्श आचार संहिता के पालन में कानूनी दायरे में पुलिस काम कर रही है। इस तरह का कोई विवाद उसके संज्ञान में नहीं है।
-टाइम्स न्यूज़ गजरौला
Gajraula Times के ताज़ा अपडेट के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें या ट्विटर पर फोलो करें. आप हमें गूगल प्लस पर ज्वाइन कर सकते हैं ...