पालिकाध्यक्ष चुनाव गजरौला : निरंजन के पक्ष में सबसे मजबूत समीकरण -बलवीर

'नगर की कमान नवयुवक के हाथ में हो, जिसके लिए यहां के नवयुवक निरंजन को पसंद कर रहे हैं'.

पूर्व जिला पंचायत अध्यक्षा इंदिरावती के बेटे निरंजन सिंह भी पालिकाध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार हैं। वे बसपा का युवा चेहरा हैं। उनके पिता बलवीर सिंह का कहना है कि निरंजन सिंह बसपा उम्मीदवार के रुप में मैदान में आ रहे हैं। उनका कहना है कि इसके लिए उनकी शीर्ष नेतृत्व तक बात पहुंच रही है तथा निसंदेह निरंजन को उम्मीदवार बनाया जायेगा।

पालिकाध्यक्ष चुनाव गजरौला : निरंजन के पक्ष में सबसे मजबूत समीकरण
चौ. बलवीर सिंह, इंदिरावती और निरंजन सिंह.

बलवीर सिंह का कहना है कि नगर में जाट-दलित समीकरण तो सबसे मजबूत है ही, इसी के साथ अल्पसंख्यक मतदाताओं में भी उनकी भारी पैठ है। उनके लंबे राजनैतिक जीवन में उन्होंने हमेशा आपसी सदभाव तथा आम आदमी के लिए काम किया है।

वे चाहते हैं कि इस महत्वपूर्ण नगर की कमान एक नवयुवक के हाथ में हो, जिसके लिए यहां के नवयुवक निरंजन सिंह को पसंद कर रहे हैं। उन्होंने अनुभव की बात पूछने पर कहा कि निरंजन सिंह की माता जिला पंचायत जैसे महत्वपूर्ण पद पर रही हैं। मेरा लंबा बेदाग राजनैतिक जीवन है। हम दोनों के अनुभव का लाभ निरंजन को बिना मांगे ही आशीर्वाद की तरह मिलेगा। जहां तक गजरौला के विकास की बात है तो निरंजन सिंह उसके लिए एक आधुनिक विकास मॉडल प्रस्तुत करेंगे।

निरंजन सिंह से इस संबंध में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वे सक्रिय राजनीति में कूद पड़े हैं। नवयुवकों की एक विशाल टोली उनके साथ है जो जाति-बिरादरी तथा सम्प्रदाय के बजाय समावेशी विकास पर भरोसा करती है। वे गजरौला की तस्वीर बदलना चाहते हैं जिसके लिए नगर प्रमुख जैसी ताकत मिलना जरुरी है। उन्हें लोगों ने अपनाया तो सफाई, जल निकासी, सड़कों तथा प्रदूषण आदि मुद्दों पर सबसे पहले फोकस करेंगे।

-टाइम्स न्यूज़ गजरौला.


Gajraula Times  के ताज़ा अपडेट के लिए हमारा फेसबुक  पेज लाइक करें या ट्विटर  पर फोलो करें. आप हमें गूगल प्लस  पर ज्वाइन कर सकते हैं ...