ज्ञान भारती इंटर कालेज के वरिष्ठ प्रवक्ता अशोक कश्यप की बेटी अनुप्रिया कश्यप ने पी.एस.जे. क्वालीफाई कर नगर और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। जज की कुर्सी तक पहुंचने वाली वे जनपद अमरोहा की पहली महिला हैं। इस उपलब्धि से कश्यप परिवार में दीपावली पर दोहरी खुशिया हैं। उन्हें नगरवासियों, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों और गणमान्यों से लगातार शुभ संदेश मिल रहे हैं। अनुप्रिया कश्यप की माता रेखा कश्यप बेटी की सफलता पर फूली नहीं समा रहीं। दोनों भाई गदगद हैं।
भाजपा विधायक राजीव तरारा और पूर्व विधायक हरपाल सिंह भी खबर मिलते ही पहुंचे। अपनी सफलता के रहस्य का खुलासा करते हुए अनुप्रिया ने बताया कि अनेक बाधाओं के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और लग्न के बूते सफलता हासिल की जा सकती है।
अनुप्रिया का कहना है कि वे अपने फूफाजी उमाशंकर तोमर (अपर जिला जज) तथा ताऊ जी अर्जुन कुमार की प्रेरणा के बल पर आगे बढ़ीं तथा नाना वासुदेव जी, माता रेखा कश्यप जी का आशीर्वाद हमेशा साथ रहा। कहा कि पिताजी और मेरे दोनों भाई मनु एवं हर्षित ने हमेशा मुझे आगे बढ़ने के लिए मेरा साहस बढ़ाया तथा पूरा साथ दिया। गुरुजनों की अनुकंपा बनी रही।
अनुप्रिया ने इंटरमीडियेट नगर के एक अंग्रेजी माध्यम स्कूल से किया। बाद में देहरादून से कानून की डिग्री हासिल कर दिल्ली से उन्होंने पी.एस.जे. की तैयारी की और पहली ही छलांग में 158वीं रैंक के साथ सफलता की पताका फहरायी। वे जनपद की पहली महिला जज बनने का गौरव हासिल कर शिक्षा ग्रहण कर रही लड़कियों के लिए एक आदर्श बन गयीं।
दीपावली पर कश्यप परिवार के आवास पर अनु की उपलब्धि की खबर से प्रशंसकों का तांता लग गया।
-टाइम्स न्यूज़ गजरौला.
Gajraula Times के ताज़ा अपडेट के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें या ट्विटर पर फोलो करें. आप हमें गूगल प्लस पर ज्वाइन कर सकते हैं ...