भाजपा, बसपा तथा रालोद से पालिकाध्यक्ष पद के उम्मीदवार मैदान में हैं। बसपा से दो उम्मीदवार मैदान में थे लेकिन रोहताश शर्मा को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
भाजपा से पूर्व सांसद देवेन्द्र नागपाल की पत्नि अंशु नागपाल, रालोद से पूर्व चेयरमेन अनिल गर्ग और निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में पूर्व चेयरमेन रोहताश शर्मा तथा बसपा से जाफर मलिक मैदान में हैं। सपा ने डा. आशुतोष भूषण शर्मा को उम्मीदवार बनाने का एलान किया था लेकिन उन्होंने घर में शादी में व्यवस्तता के कारण चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया। सपा से कल्लू सिंह को मैदान में उतारा गया है।
एक पूर्व सांसद की पत्नि और दो पूर्व चेयरमेन के मैदान में आने से गजरौला पालिकाध्यक्ष का चुनाव बहुत ही रोचक बन गया है। रोहताश शर्मा और अनिल गर्ग एक-एक बार चेयरमेन का चुनाव जीत चुके हैं। जबकि अंशु नागपाल और जाफर मलिक पहली बार अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे हैं।
भाजपा के सामने यह चुनाव जीतना बड़ी चुनौती है। जब केन्द्र और राज्य दोनों में कहीं भी भाजपा का शासन नहीं था तब 2009 में यह सीट रिकार्ड मतों से भाजपा ने जीती थी। इस समय दोनों जगह भाजपा सरकार है। ऐसे में यह सीट जीतने के लिए भाजपा को एड़ी-चोटी एक करनी होगी। नागपाल समर्थक डा. नासिर अली, सुरेन्द्र सिंह तथा स. कुलवंत सिंह का दावा है कि नगर के लोग देवेन्द्र नागपाल की सेवाओं को नहीं भूलने वाले। अंशु नागपाल को उनका लाभ मिलेगा।
जरुर पढ़ें : बसपा से पूर्व चेयरमेन रोहताश शर्मा समेत तीन नेता निकाले गये
पूर्व चेयरमेन रोहताश कुमार शर्मा 2007 में त्रिकोणीय मुकाबले में विजयी रहे थे। उनका जनसपंर्क महीनों से जारी है। उनका दावा है कि वे फिर से 2007 की तरह जीत हासिल करेंगे। वे स्वयं को बसपा उम्मीदवार कहकर वोट मांग रहे थे, जबकि जाफर अली बसपा उम्मीदवार हैं।
नगर पंचायत बनने पर सबसे पहले चेयरमेन बने अनिल कुमार गर्ग चुनावी मैदान में हैं। वे भाजपा से उम्मीदवारी चाहते थे लेकिन सफल नहीं हुए, ऐसे में पाला बदलकर उन्होंने रालोद का दामन थाम मैदान में उतरने का फैसला लिया। उनका प्रचार अभियान जारी है। उनकी निगाह यहां के बड़े वोट बैंक जाट तथा सजातीय बनिया वर्ग के साथ कई जातियों पर है।
इस बार सपा से उम्मीदवार बनने की इच्छा व्यक्त न करने वाले सपा की मंशा से पता चलता है कि यहां इस बार इस दल की हालत अच्छी नहीं है। यहां तीन बड़े जातीय वोट बैंकों में से एक जाटव समुदाय को लुभाने के लिए कई सपा नेता भी बसपा से टिकट चाहते थे। बाद में सपा ने कल्लू सिंह को मैदान में उतारा।
फिलहाल अंशु, रोहताश, अनिल तथा जाफर में बहुत ही कड़ा मुकाबला है।
नगर पालिका परिषद गजरौला से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार :
1.अनिल कुमार गर्ग (रालोद)
2.अंशु नागपाल (भाजपा)
3.जाफर मलिक (बसपा)
4.कल्लू सिंह (सपा)
5.रोहताश कुमार शर्मा (निर्दलीय)
6.मुन्ने खां (निर्दलीय)
7.अशोक कुमार (निर्दलीय)
8.कविता गौतम (भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस)
9.इक़बाल अहमद (ऑल इण्डिया फारवर्ड ब्लॉक)
10.सुनील कुमार (निर्दलीय)
11.सर्वेश सिंह (सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी)
Gajraula Times के ताज़ा अपडेट के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें या ट्विटर पर फोलो करें. आप हमें गूगल प्लस पर ज्वाइन कर सकते हैं ...