जिले में हुए नगर निकाय चुनावों में भाजपा के तीनों विधायकों में केवल राजीव तरारा के क्षेत्र में भाजपा सफल रही है जबकि चेतन चौहान और महेन्द्र सिंह खड़गवंशी के क्षेत्रों में भाजपा बुरी तरह विफल रही। राजीव तरारा के इलाके में मंडी धनौरा, गजरौला तथा बछरायूं तीन नगर पालिकायें, महेन्द्र सिंह खड़गवंशी के क्षेत्र में हसनपुर पालिका तथा उझारी नगर पंचायत दो निकाय और कैबिनेट मंत्री तथा नौगांवा सादात विधायक चेतन चौहान को नौगांवा व जोया नगर पंचायतों का दायित्व मिला था।
धनौरा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा अपनी पिछली दोनों विजयी सीटों गजरौला और धनौरा पर कब्जा बरकरार रखने में सफल रही जबकि तीसरी सीट बछरायूं में हार के बावजूद वह अपनी रैंक सुधारने में सफल रही। वह मुख्य मुकाबले में रही। ऐसे में विधायक राजीव तरारा अपने क्षेत्र में भाजपा की लय को बनाये रखने में सफल रहे।
इसके विपरीत चेतन चौहान और महेन्द्र सिंह खड़गवंशी अपने-अपने क्षेत्रों में एक भी स्थान पर भाजपा को विजय नहीं दिला पाये बल्कि महेन्द्र सिंह खड़गवंशी ने पिछली बार भाजपा को मिली हसनपुर पालिका को भी हाथ से निकल जाने दिया। यहां बसपा का कब्जा हो गया जिसका श्रेय बसपा के वरिष्ठ नेता हेम सिंह आर्य को जाता है। चेतन चौहान और महेन्द्र सिंह खड़गवंशी के क्षेत्र के सभी निकायों में भाजपा की पराजय से भाजपा को करारा झटका लगा है।
उधर अमरोहा जिले की सबसे बड़ी पालिका परिषद में भाजपा की शशि जैन की विजय वास्तव में भाजपा की बड़ी कामयाबी है लेकिन इसके लिए वहां सपा की अजेय सीट मान बैठे महबूब अली और उनके समर्थकों का अति उत्साह और घमंड जिम्मेदार है। वे इस चुनाव को अपनी अस्मिता के बजाय बहुत हल्के में लेते रहे। आगामी विधानसभा चुनाव में महबूब अली के लिए यह खतरे की घंटी हो सकता है।
लोकसभा और विधानसभा चुनाव में यहां मिली सफलता के बाद निकाय चुनावों के परिणामों से भाजपा को सबक लेना होगा। नहीं तो 2019 का लोकसभा चुनाव उसके लिए आसान नहीं होगा।
-टाइम्स न्यूज़ गजरौला.
Gajraula Times के ताज़ा अपडेट के लिए हमारा फेसबुक पेज लाइक करें या ट्विटर पर फोलो करें. आप हमें गूगल प्लस पर ज्वाइन कर सकते हैं ...