![]() |
बसपा प्रत्याशी दानिश ने कहा कि भाजपा अपने लोगों को बुर्का पहनाकर फर्जी वोटिंग करवा रही है. |
अमरोहा लोकसभा सीट पर आज मतदान हो रहा है। इस दौरान मतदाता बढ़-चढ़कर वोट डाल रहे हैं। अमरोहा लोकसभा सीट पर सुबह 11 बजे तक 24.64% मतदान हुआ है। इसी बीच अमरोहा सांसद कंवर सिंह तंवर ने आरोप लगाया है कि बुर्का पहनकर फर्जी वोटिंग की जा रही है जिसकी शिकायत उन्होंने अधिकारियों से की है। जबकि उनके इस आरोप को गठबंधन प्रत्याशी बसपा के दानिश अली ने सिरे से नकार दिया। उन्होंने उल्टा यह कह दिया कि भाजपा स्वयं इस तरह के फर्जी काम कर रही है। इससे पूर्व हसनपुर विधायक महेन्द्र सिंह खड़गवंशी ने भी बुर्का पहनकर फर्जी वोटिंग करने का आरोप लगाया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सांसद कंवर सिंह तंवर ने नौगांवा का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि वहां एक युवक बुर्का पहनकर फर्जी मतदान कर रहा था। उसे पकड़ लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि कई बूथों पर उनके पोलिंग एजेंट नहीं हैं। उनके एजेंटों को भगा दिया गया और फर्जी वोटिंग हो रही है। इसकी शिकायत उन्होंने अधिकारियों से की है। सांसद ने बुर्का पहने मतदाताओं की चैकिंग की मांग भी की।
उधर बसपा प्रत्याशी दानिश अली ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा अपने लोगों को बुर्का पहनाकर भेज फर्जी वोटिंग करवा रही है। दानिश ने भाजपा के सांसद पर प्रशासन पर दवाब बनाने का आरोप भी लगाया।
इससे पूर्व लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में मुजफ्फरनगर में भाजपा सांसद संजीव बालियान ने बुर्का पहनकर फर्जी मतदान किया जा रहा है। हालांकि चुनाव आयोग ने उनकी बात को सिरे से खारिज कर दिया था।
-टाइम्स न्यूज़ अमरोहा.