यूपी में आंधी और बरसात ने ली 20 लोगों की जान

heavy-rain-storm-in-amroha-moradabad
मौसम विभाग की ओर से कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में भी आंधी की आशंका है.
गुरुवार शाम आंधी और बरसात लोगों पर कहर बनकर आयी। उत्तर प्रदेश में इससे करीब 20 लोगों की मौत की खबर आयी है। बिजली गिरने से भी कई लोग मारे गए। अचानक मौसम का मिजाज बदला और उसने रौद्र रुप धारण कर लिया जिसने उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, अमरोहा, मैनपुरी, एटा, कासगंज, बदायूं, हमीरपुर, महोबा आदि जिलों में भारी तबाही ​मचायी। मौसम विभाग की ओर से कहा जा रहा है कि आने वाले दिनों में भी आंधी की आशंका है।

मैनपुरी में सबसे ज्यादा लोगों की मौतें हुई हैं। जबकि मुरादाबाद के कुंदरकी में महमदपुर माफी में बिजली गिरने से एक किसान की मृत्यु हो गयी। आंधी से कई जगह पेड़ उखड़ गये। बिजली के खम्भे गिरे। कुछ जगह मकान गिरने से लोग जख़्मी हुए हैं।

heavy-rain-in-amroha
गजरौला में ओलावृष्टि हुई। यहां भी जगह-जगह पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गये। तार टूटने की वजह से गांवों में बिजली व्यवस्था बाधित हुई है। यहां भानपुर में नौबत सिंह के मकान पर एक यूकलिप्टस का पेड़ आ गिरा। इससे मकान का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और छज्जा भी टूट गया। आंधी से रेलवे ट्रैक पर कई जगह पेड़ गिर गये जिससे गढ़वाल एक्सप्रेस को घंटों इतज़ार करना पड़ा। नजीबाबाद रेल मार्ग पर पेड़ों को हटाने में भारी मशक्कत करनी पड़ी।

कालाखेड़ा गांव में पेड़ का एक हिस्सा गिरने से छह साल की साजिया घायल हो गयी। आदमपुर थाना क्षेत्र के बुरावली में कच्चा मकान गिरने से मुशाहिद के परिवार के पांच लोग घायल हो गये। आसपास के लोगों ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला तथा अस्पताल में भर्ती कराया। उधर ढबारसी में इशरत नाम की महिला खेत पर चारा लेने गयी थी कि अचानक आंधी और बरसात आ गयी। बिजली गिरने से वह बुरी तरह जख़्मी हो गयी। गनीमत यह रही कि बिजली उससे चंद कदम दूर गिरी थी।

-टाइम्स न्यूज़ अमरोहा.