
अमरोहा जिले में कोरोना संक्रमित व्यक्ति की मौत हो गई है। 54 वर्षीय किसान जोया ब्लॉक के मिठनपुर गांव का रहने वाला था। उसका इलाज मुरादाबाद के एल-3 सेंटर में चल रहा था। 9 जून को उसे लीवर से संबंधित दिक्कत के कारण साईं अस्पताल में भर्ती किया था। प्रशासन ने एहतियातन उसका सैंपल भी जांच को भेज दिया था। 11 जून को किसान की कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि होने के बाद उसे कोरोना इलाज केन्द्र में भेज दिया गया था।
मृतक आसिम जोया ब्लॉक के मिठनपुर गांव का रहने वाला था। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु शुक्रवार देर रात हुई। आसिम के संपर्क में आए लोगों को क्वारंटीन किया जा रहा है। गांव को सील किया जा चुका है। गांव का सैनिटाइजेशन और ग्रामीणों की हैल्थ स्क्रीनिंग की जा रही है।
अमरोहा जिले में कोरोना से यह दूसरी मौत है। इससे पहले नौगांवा सादात के मोहल्ला नई बस्ती की सत्तर वर्षीय वृद्धा जैनब फातिमा की मौत हो गयी थी। उनकी मृत्यु 30 मई को हुई। जिले में कोरोना संक्रमण का आंकड़ा 75 पार कर गया है।
-टाइम्स न्यूज़ अमरोहा.