कृषि कानूनों के विरोध में ट्रैक्टर रैली निकाली

farmer-protest-rampur

किसानों का कहना था कि सरकार जब तक कानूनों को वापस नहीं लेती, वे आंदोलन करते रहेंगे.

कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकाली। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक से जुड़े किसानों ने सैदनगर क्षेत्र के गांवों में इस रैली का आयोजन किया। इस दौरान पुलिस और प्रशासन की किसानों से नोंकझोंक भी हुई। मगर किसान रैली को आगे ले जाने में सफल रहे। 

भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष हसीब अहमद की अगुवाई में सैदनगर क्षेत्र के किसान भारी संख्या में एकत्र हुए। कृषि कानूनों के विरोध में उन्होंने एक ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया। बंजरिया ग्राम से रैली की शुरुआत हुई जिसमें आसपास के गांवों के किसान शामिल हुए।

नसीमगंज, चौधरपुर, दलेल नगर, बहादुरपुर, हमीरपुर, लालपुर आदि गांवों के किसान रैली में अपने ट्रैक्टरों के साथ आए थे। हमीरपुर गांव में जब रैली पहुंची तो वहां टांडा एसडीएम निधि डोडवाल और सीओ स्वार के साथ पुलिस बल मौजूद था। 

उन्होंने रैली को आगे बढ़ने से रोकने के प्रयास किए। किसानों की उनसे नोंकझोंक भी हुई। किसान आगे बढ़ने को लेकर अड़े रहे। हारकर उन्हें इजाजत मिल गयी और रैली कई गांवों से होती हुई वापस बंजरिया गांव के पेट्रोल पंप पर आकर रुकी।

farmer-rally

जगह-जगह रैली को किसानों ने संबोधित भी किया जिसमें उन्होंने केन्द्र सरकार की तीखी आलोचना करते हुए कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की। साथ ही अधिक से अधिक संख्या में किसानों को दिल्ली चलने का आहवान भी किया। 

किसानों का कहना था कि सरकार जब तक कानूनों को वापस नहीं लेती, वे आंदोलन करते रहेंगे। दिल्ली कूच कर वहां चल रहे आंदोलन को अधिक मजबूती प्रदान करेंगे।

हसीब अहमद ने कहा कि किसानों को अपनी आवाज बुलंद करने की जरुरत है। यदि किसान अपनी आवाज को नहीं उठायेंगे तो सरकारें उसे दबाती रहेंगी। इसलिए हमें एकजुट होकर आगे बढ़ना चाहिए। 

उन्होंने कहा कि 26 जनवरी की परेड के लिए हम तैयार हैं। सभी इसमें सहयोग करें ताकि ट्रैक्टर परेड को एतिहासिक बनाया जा सके। किसानों को उसके लिए तैयार रहना है।

इस अवसर पर बलजीत सिंह, मोहित सिद्धू, हरवीर सिद्धू, विजय सिंह, कुलवंत सिंह, राजपाल सिंह, संजीव सिंह, भोले सिंह आदि मौजूद रहे।

-टाइम्स न्यूज़ रामपुर.