जिला पंचायत के वार्ड 11 से विजयी बसपा समर्थित उम्मीदवार मीनाक्षी चौधरी की विजय का दावा सत्य सिद्ध हुआ। उन्हें धनौरा विधान सभा क्षेत्र में विजयी उम्मीदवारों में सबसे बड़ी बढ़त से जीत मिली है।
मीनाक्षी चौधरी पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष इंदिरावती और चौ. बलवीर सिंह के पुत्र चौ. निरंजन सिंह के बेटे की धर्मपत्नि हैं। उन्होंने पहली बार चुनाव लड़ा है और डबल इंजन की भाजपा सरकार के शासन में भाजपा से वार्ड 11 को छीना है। यहां से भाजपा के महेश प्रधान पिछली बार जीते थे। इस बार भाजपा ने सतवीर सैनी को मैदान में उतारा था जो भारी अंतर से मीनाक्षी चौधरी ने पराजित किए। मीनाक्षी को 9870 वोट प्राप्त हुए हैं।
मीनाक्षी चौधरी ने अपनी विजय पर प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि क्षेत्र की जनता ने उनपर भरोसा किया, उसके लिए वे उसका आभार व्यक्त करती हैं। उन्होंने कहा कि इसी के साथ उनके पितृतुल्य श्वसुर तथा पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष माताजी की जनसेवाओं का लाभ उन्हें मिला है। उन्होंने अपने पति निरंजन सिंह की युवा टीम के चुनावी प्रबंधन को भी विजय का श्रेय दिया। उन्होंने क्षेत्र में बिना भेदभाव विकास कराने का भरोसा दिया।
~टाइम्स न्यूज़ गजरौला.