ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की व्यवस्था करने वाली मंडल की पहली नगर पालिका बनी गजरौला

ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की व्यवस्था

जरुरत पड़ने पर स्थानीय लोग पालिका से अनुरोध कर सकते हैं। उन्हें भी मशीनें दी जाएंगी.

गजरौला नगर पालिका परिषद ने 20 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर खरीदे हैं। अब ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहे मरीज़ों की समस्या दूर हो जाएगी। पालिकाध्यक्ष अंशु नागपाल व पूर्व सांसद देवेन्द्र नागपाल द्वारा 20 मशीनें खरीदी गयीं हैं जिन्हें पालिका ने प्राप्त कर लिया है।

कंसंट्रेटर का उपयोग आइसोलेशन सेंटरों में किया जाएगा। साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भी आवश्यकता पड़ने पर इनकी व्यवस्था की जाएगी। जरुरत पड़ने पर स्थानीय लोग पालिका से अनुरोध कर सकते हैं। उन्हें भी मशीनें दी जाएंगी।

इ.ओ. बिजेन्द्र सिंह पाल के अनुसार कुल 20 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर पालिका गजरौला को प्राप्त हुए हैं। दस लीटर क्षमता वाले कंसंट्रेटर की संख्या दस है जबकि पांच लीटर क्षमता वाली मशीनें भी दस हैं। कुल क्षमता 150 लीटर है। इससे तीस लोगों को लाभ मिल सकता है।

पालिकाध्यक्ष अंशु नागपाल ने बताया कि गजरौला मुरादाबाद मंडल की पहली पालिका बन गई है जिसके पास ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मौजूद हैं।

ऑक्सीजन कंसंट्रेटर एक ऐसी मशीन है जिसे कहीं भी आसानी से ले जा सकता है। यह हवा से ऑक्सीजन बनाने का काम करती है। इसे चलाने के लिए बिजली की आवश्यकता होती है। हालांकि गंभीर रोगियों के लिए यह काम नहीं करती। लेकिन बाकी मरीज़ों के लिए यह बहुत अच्छे परिणाम देती है जिन्हें ऑक्सीजन चाहिए। यह कम दबाव वाली ऑक्सीजन देती है।

-टाइम्स न्यूज़ गजरौला.