‘सपा में गुण्डे बदमाशों की भरमार, अखिलेश यादव उनके सरदार’

‘सपा में गुण्डे बदमाशों की भरमार, अखिलेश यादव उनके सरदार’

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अखिलेश यादव पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में जो गुण्डागर्दी, भ्रष्टाचार और माफियाराज था उसे योगी सरकार ने खत्म कर दिया। गुण्डे या तो जेलों में हैं या प्रदेश छोड़कर भाग गये हैं। बड़े-बड़े माफियाओं का बुरा हाल है। सपा के जुल्मों को जनता भूली नहीं है। सपा की गुण्डागर्दी, आतंक और जुल्म लोगों को आज भी याद है। ऐसे में इस बार भी लोग योगीजी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाना चाहते हैं। उन्होंने लोगों से अमरोहा की चारों सीटों पर कमल खिलाने का अनुरोध किया।

वे धनौरा में राजीव तरारा और हसनपुर में महेन्द्र सिंह खड़गवंशी के समर्थन में आयोजित सभाओं में बोल रहे थे। मौर्य ने कहा कि सपा और बसपा के नेता जनता की सेवा के बजाय अपना विकास करने में लगे रहते हैं। जबकि भाजपा पूरी जनता की भलाई और देश के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण के मतदान में सपा का सूपड़ा साफ हो रहा है और यही सिलसिला अंतिम चरण तक रहेगा।

rajeev tarara

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रदेश की जनता 14 जनवरी को अखिलेश यादव को भाजपा की वैक्सीन की बूस्टर डोज लगा देगी। समाजवादी समाप्तवादी पार्टी होने वाली है। सपा में गुंडों, माफियाओं और बदमाशों की भरमार है और अखिलेश यादव उनके सरदार हैं। सपा से आज भी जनता खफा है। उन्होंने भाजपा की जनहितैषी योजनाओं का सिलसिलेवार उल्लेख किया। इनमें केन्द्र और राज्य सरकार की योजनायें शामिल हैं। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया कि प्रदेश की सुरक्षा और विकास कमल के फूल पर निर्भर है। इसलिए फिर से वही बटन दबायें। उन्होंने धनौरा विधायक राजीव तरारा को फिर से विजयी बनाने और नौगांवा से देवेन्द्र नागपाल, हसनपुर से महेंद्र खड़गवंशी व अमरोहा से राम सिंह सैनी को भारी बहुमत से विजयी बनाने का अनुरोध किया। इस दौरान भाजपा के चारों प्रत्याशी, जिला उपाध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह, डॉ. सोरन सिंह, सुरेन्द्र सिंह औलख, उत्तम प्रजापति आदि नेता भी शामिल थे। भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

उपमुख्यमंत्री ने जहां अखिलेश यादव की जमकर आलोचना की वहीं उनके सहयोगी चौ. जयंत सिंह के बारे में मौन साधे रखा। जाट बाहुल्य तथा भाकियू का गढ़ माने जाने वाले क्षेत्र की नब्ज को वे पहचानते हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा के लिए किसानों और जाटों में अब नाराजगी नहीं है।

-टाइम्स न्यूज़ मण्डी धनौरा.