जनपद के थानों में शीतल जल मिलेगा, भरतिया फाउंडेशन ने दिए सात वाटर कूलर

जुबिलेंट एंग्रीविया गजरौला समाचार

जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन ने जनपद अमरोहा के सात थानों को वाटर कूलर उपलब्ध कराये हैं। बताया गया है कि थानों में आने वाले फरियादियों के लिए शुद्ध जल उपलब्ध कराने के लिए यह किया गया है।

वाटर कूलर थाना गजरौला, महिला थाना गजरौला, थाना आदमपुर, रहरा, सैदनगली, अमरोहा महिला थाना तथा पुलिस लाइन में लगेंगे। इन्हें आज जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन ने धनौरा पुलिस क्षेत्राधिकारी सतेन्द्र कुमार सिंह को सौंप दिया। उन्होंने इसके लिए जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर जुबिलेंट इंग्रीविया के डायरेक्टर पी.आर. सुनील दीक्षित ने बताया कि जुबिलेंट भरतिया फाउंडेशन जनहित के कार्यों को हमेशा तत्पर रहती है। इस मौके पर नगर पालिका के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

वाटर कूलरों की क्षमता प्रति घंटा 60 लीटर पानी ठंडा करने और 80 लीटर पानी स्टोर करने की है। इकाई प्रमुख हिमांशु शुक्ला ने सभी का आभार जताया। उल्लेखनीय है कि अपनी समस्यायें लेकर थाने पहुंचने वाले लोगों के लिए शीतल, शुद्ध पेयजल की उचित व्यवस्था नहीं थी। जरुरत महसूस होने पर भरतिया फाउंडेशन ने यह सेवा लोगों को प्रदान की है।

-टाइम्स न्यूज़ गजरौला.