आजादी के अमृत महोत्सव का समापन देशभक्तिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस सिलसिले में क्षेत्रीय विधायक राजीव तरारा, पुलिस और प्रशासन के अधिकारी, डॉक्टर्स एसोसिएशन सहित कई सामाजिक संगठनों और स्कूलों में छात्रों ने नगर के एक कोने से दूसरी ओर तक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली। ढोल नगाड़ों तथा वंदेमातरम् और भारत माता के जयघोष के स्वर माहौल में बराबर गूंजते रहे। भाकियू नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ जोर-शोर से समापन यात्रा में भाग लिया।
सभी लोग रामलीला मैदान में एकत्र हुए। जहां भाजपा विधायक राजीव तरारा, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी.एस. जिंदल, भाकियू नेता दानवीर सिंह, जिलाधिकारी, एस.पी. और पालिका प्रमुख पहले ही मौजूद थे। विधायक ने मौजूद लोगों को संक्षेप में संबोधित किया और डीएम और एसपी ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वंदेमातरम और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ ही तिरंगा यात्रा नगर की ओर बढ़ चली। आगे ढोल और डीजे पर देशभक्ति के गीत बज रहे थे। तिरंगे हाथ में लिए हुए जुलूस महादेव चौराहे से कंचन बाजार की ओर बढ़ चला। तिरंगा यात्रा में शामिल कई स्कूलों के बच्चों में तिरंगों के साथ मार्च करने में भारी उत्साह था। नारेबाजी करते हुए बच्चे बड़े आकर्षण का केन्द्र बने रहे।
तिरंगा यात्रा कंचन बाजार पार कर अग्रसेन बाजार, हरदेव बाजार, पुराना स्टेट बैंक चौराहा, जामा मस्जिद होते हुए ब्लॉक परिसर में पहुंची। यहां स्थित शहीद स्मारक पर लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित की। यहीं यात्रा संपन्न हो गयी।
इस यात्रा में नगर के सभी स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। बछरायूं के दो स्कूलों ने भी भागीदारी की। धनौरा डॉक्टर्स एसोसिएशन, भाकियू, जनसंख्या समाधान फाउंडेशन, बजरंग दल, व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान, नगर पालिका, तहसील प्रशासन, बार एसोसिएशन, रामलीला प्रबंध समिति, जामा मस्जिद प्रबंध समिति आदि संगठनों ने तिरंगा यात्रा में भाग लिया।
पालिका प्रमुख राजेश सैनी, डॉ. बी.एस. जिंदल, भाकियू नेता चौ. दानवीर सिंह चाहल, डूंगर सिंह, एसडीएम अरुण कुमार, सीओ अरुण सिंह, आलोक कुमार, विजयपाल सैनी, मोहम्मद इस्माइल सैफी, हाजी अकबर हुसैन, डॉ. एमपी शर्मा, सौवीर सिंह, हेमंत सारस्वत, अजय गोयल, प्रवीण अग्रवाल, सर्वेश शर्मा, कमल गुप्ता, विवेक सिंह, टीकाराम सैनी आदि पूरे समय अमृत महोत्सव, तिरंगा यात्रा में संलग्न रहे।
नगर में जहां-जहां होकर यात्रा निकली लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया। यात्रा गुजरने के बाद सड़कों पर पुष्प पंखुड़ियां बिखरी पड़ी थीं।
-टाइम्स न्यूज़ मंडी धनौरा.