राजेंद्री देवी बनीं गजरौला की नई चेयरपर्सन

राजेंद्री देवी उर्फ उमा देवी

गजरौला नगर पालिका परिषद में बहुजन समाज पार्टी ने जीत दर्ज की है। यहां से पूर्व विधायक हरपाल सिंह की पत्नी राजेंद्री देवी उर्फ उमा देवी चुनाव जीत गयी हैं। उन्होंने कड़े मुकाबले में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी कमलेश आर्या को 1187 मतों से पराजित किया। भाजपा प्रत्याशी कमलेश आर्या को 14058 मत प्राप्त हुए। बसपा के लिए यह बड़ी जीत मानी जा रही है। इससे पूर्व गजरौला नगर पालिका में भाजपा की चेयरपर्सन अंशु नागपाल रहीं।

नगर पालिका गजरौला में पहली बार सीट महिला अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हुई थी जिसमें बसपा की राजेन्द्री देवी ने विजय हासिल की है। तीन मई को गजरौला में मतदान हुआ था, जिसमें पत्थरबाजी की घटनाएं भी सामने आई थीं। राजेन्द्र देवी के पति हरपाल सिंह को उस दिन सुबह से ही थाने में बैठाए रखा था। उनके समर्थकों में इसे लेकर भारी रोष था। 13 मई को भी हरपाल सिंह पुलिस के पहरे में रहे थे। मध्यरात्रि के आसपास चुनाव नतीजे घोषित हुए जिसमें हरपाल सिंह की पत्नी राजेन्द्री देवी 1187 मतों से विजयी हुईं। हालांकि दोबारा काउंटिंग के लिए भी भाजपा प्रत्याशी की ओर से जोर देकर कहा गया लेकिन ऐसा हुआ नहीं। बसपा की राजेन्द्री देवी को विजयी घोषित कर दिया गया।

समाजवादी पार्टी की उर्वशी चौधरी तीसरे नंबर पर रहीं। उन्हें कुल 1564 मत प्राप्त हुए। कुल नौ प्रत्याशी यहां से मैदान में थे जिनमें 7 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस प्रत्याशी सुनीता पवार को मात्र 62 वोट प्राप्त हुए हैं।

nagar nikay election gajraula

किसे मिले कितने मत:

1. राजेंद्री उर्फ उमा देवी (बसपा) : 15245

2. कमलेश आर्या (भाजपा) : 14058

3. उर्वशी चौधरी (सपा) : 1564

4. बबीता (निर्दलीय) : 551

5. किरन कौर (रालोद) : 189

6. रंजना (आप) : 185

7. जयंती (निर्दलीय) : 178

8. सविता (निर्दलीय) : 117

9. सुनीता पवार (कांग्रेस) : 62