धनौरा क्षेत्र में तेंदुए ने किया हमला, रजबपुर और गजरौला के आसपास भी दिखा तेंदुआ

धनौरा क्षेत्र में तेंदुए ने किया हमला, रजबपुर और गजरौला के आसपास भी दिखा तेंदुआ

अमरोहा जिले में तेंदुए का खौफ दिख रहा है। ताजा घटना में तेंदुए ने लोगों पर हमला किया है। मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव ताजपुर में दादा-पोते पर इस जंगली जानवर ने जानलेवा हमला किया। लेकिन तेंदुआ अपने मकसद में कामयाब नहीं हो पाया। घायलों का उपचार चल रहा है।

ग्राम ताजपुर के केशव यादव और उनके पोते अर्नब पर तेंदुए ने हमला किया। यह घटना रात की बताई जा रही है। केशव के घर में बंधे पिल्ले पर तेंदुए ने हमला किया। अर्नब रात में समझ नहीं पाया कि तेंदुआ है या कोई कुत्ता। वह पिल्ले को बचाने की कोशिश में जुट गया। तेंदुए ने अर्नब पर हमला कर उसकी टांग अपने जबड़े में भर ली। बताया जाता है कि तेंदुआ केशव के पोते को खींचकर ले जाने लगा था। शोर सुनकर केशव तेंदुए से भिड़ गए। इस दौरान आसपास मौजूद ग्रामीण भी आ गए। तेंदुआ फिर वहां से भाग गया। 

वन क्षेत्राधिकारी संजय चौधरी का कहना है कि मैदानी इलाकों में तेंदुए जैसे जानवर इसलिए आ रहे हैं क्योंकि पहाड़ों पर बारिश हो रही है। जंगलों में जानवरों के निवास डूब रहे हैं। वे आबादी का रुख कर रहे हैं। 

वन विभाग की ओर से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया है।

रजबपुर और गजरौला में भी तेंदुआ देखे जाने की चर्चा :

रजबपुर के ग्राम नाजरपुर में चर्चा है कि ग्रामीणों को आम के बाग में तेंदुआ दिखाई दिया। उन्होंने उसका एक वीडियो भी बनाया है। हालांकि वीडियो की पुष्टि नहीं की गयी है। 

वहीं गजरौला के खादर्गुजर में भी एक आम के बाग में तेंदुआ दिखाई दिया है। इससे पूर्व दरियापुर बुजुर्ग में भी इसी तरह की चर्चा थी।

-टाइम्स न्यूज़ अमरोहा.