बीते कुछ महीने से अमरोहा जिले में तेंदुए का खौफ बना हुआ है। इस बार तेंदुए ने एक बैंककर्मी पर हमला कर उसे घायल कर दिया। जबकि एक दिन पहले वह सलेमपुर गोसाईं में नीलगाय का शिकार करते देखा गया था। जब ग्रामीणों ने उसे देखा तो उनके शोर मचाने पर वह नीलगाय को छोड़कर भाग गया। वहीं तेंदुआ हसनपुर के सतेड़ा गांव में भी देखा गया था। वन विभाग की टीमें उसकी खोज में भटक रही हैं, लेकिन वह पकड़ से दूर है। तेंदुए का अलग-अलग इलाकों में मिलना इस ओर की तरफ भी इशारा कर रहा है कि क्षेत्र में कई तेंदुए हो सकते हैं।
ताजा घटना के मुताबिक बिजनौर निवासी संजीव कुमार खंडसाल गांव में स्थित प्रथमा बैंक में कार्य करते हैं। संजीव जब शाम को बाइक से अपने घर लौट रहे थे तो जब वे अलीपुर-जाझरु गांव के जंगल में पहुंचे तो तेंदुए ने उनपर हमला कर दिया। वे बाइक सहित गिर पड़े। जिसकी वजह से उनके कंधे और घुटने में काफी चोट आई है। तेंदुए का झपट्टा इतना तेज था कि वे बाइक सहित जमीन पर गिर गए थे। उसने उनकी गर्दन पर वार किया। गनीमत रही कि वहां एक व्यक्ति स्कूटी लेकर गुजर रहा था। उसने हिम्मत दिखाई और घायल संजीव की ओर शोर मचाता हुआ दौड़ा। यह देखकर तेंदुआ भाग खड़ा हुआ। कुछ देर बाद वहां काफी लोग जमा हो गए। घायल संजीव को निजि अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे खतरे से बाहर हैं।
ढबारसी से भी पशुओं पर हमले के समाचार मिले हैं। इसी तरह अमरोहा जिले में तंदुआ जगह-जगह दिखाई दे रहा है। वह मौका मिलते ही हमला कर रहा है। वन विभाग की टीम की पकड़ से यह जानवर बाहर है।
टाइम्स न्यूज़ अमरोहा.