जिले में बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। अमरोहा स्थित जिला अस्पताल में बुखार के मरीजों की भरमार है। रोज ढेरों मरीज अपने इलाज के लिए आ रहे हैं। बुखार जानलेवा होता जा रहा है। नवंबर की शुरुआत से ही कई लोगों की मौत के मामले में सामने आए हैं। वहीं अक्टूबर महीने में भी कई लोगों की बुखार से मौत हुई थी।
रविवार को जिला अस्पताल में 40 से अधिक मरीज भर्ती रहे जिन्हें बुखार था। हालांकि यह संख्या बीते दिनों की बात की जाये तो काफी कम है।
हसनपुर के गांव सहेलिया में एक अधेड़ की बुखार से मौत हो गयी। बताया जाता है कि उसे चार दिन से बुखार था। परिजनों से बुखार से पीड़ित जयदेव का इलाज करीब के ही एक चिकित्सक से कराया लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। जयदेव की हालत बिगड़ती रही। बाद में उसकी मौत हो गई। मृतक के दो बेटे और दो बेटियां हैं।
उधर हसनपुर क्षेत्र के शाहपुर कलां गांव में कांग्रेस पार्टी की एक सभा में जिला अध्यक्ष ओमकार सिंह कटारिया ने बुखार से मौतों के लिए शासन और प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना था कि डेंगू और बुखार के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग और शासन-प्रशासन इस ओर कोई विशेष ध्यान नहीं दे रहा। कटारिया ने आरोप लगाया कि गांव से शहर तक हाल बेहाल है।
-टाइम्स न्यूज़ हसनपुर।